Dainik Athah

भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान पर लगातार हमला कर रही है: राजेंद्र चौधरी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान पर लगातार हमला कर रही है। भाजपा की नीयत ठीक नहीं है। भाजपा की बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर के बनाये संविधान को बदल कर पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों और महिलाओं के दिए गए अधिकारों को छीनने की कोशिश है। समाजवादी पार्टी भाजपा की संविधान और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ लगातार लड़ाई लड़ती रही है।
उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव को लेकर देश की जनता के नाम घोषित जनता का मांग पत्र हमारा अधिकार में देश से वादा किया है कि उसके संवैधानिक अधिकार को सुरक्षित और मजबूत करेंगे। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र की रक्षा करेगी। मीडिया को आजादी का अधिकार देगी। लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता व स्वायत्तता बहाल करेगी। सभी को न्याय और समानता का अधिकार देगी। उन्होंने कहा देश आज जिन हालात से गुजर रहा है उसमें संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों पर भी संकट मंडरा रहा है। अभिव्यक्ति की आजादी कुचलने की हरचंद कोशिशें हो रही है। संवैधानिक संस्थाएं कमजोर की जा रही है। बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर ने संविधान में दलितों, वंचितों के लिए आरक्षण की जो व्यवस्था की है, उसको भी समाप्त करने की साजिशें हो रही है। जनता महंगाई, भ्रष्टाचार से त्रस्त है। जनता चाहती है कि संविधान की मयार्दा कायम रहे। लोगों का उत्पीड़न न हो। सरकारी ईडी, सीबीआई और आईटी की दहशत से लोगों को निजात मिले।

भाजपा ने संविधान और लोकतंत्र दोनों को कमजोर बनाने की कोशिश की है। जनाधिकारों की रक्षा के लिए भाजपा की सत्ता से बेदखली और पीडीए की सत्ता में वापसी बहुत जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *