Dainik Athah

महानगर में कम, जिले में दिख सकता है बड़ा बदलाव

  • इसी सप्ताह घोषित हो सकती है भाजपा जिला- महानगर कमेटियों की घोषणा
  • मंडल अध्यक्षों की घोषित सूची में जिले में महानगर से दोगुना हुआ है बदलाव
  • जिले में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों के पर कतरने की तैयारी

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद जिला व महानगर में मंडल अध्यक्षों की घोषणा होने के बाद अब संभावना जताई जा रही है कि इसी सप्ताह जिला व महानगर की कमेटियां भी घोषित कर दी जाये। क्षेत्रीय कमेटी में बदलाव इसके बाद हो सकता है। जिले की कमेटी में इस बार बड़ा बदलाव होने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है। हालांकि भाजपा की जो स्थिति चल रही है उसे देखते हुए दावे के साथ यह नहीं कहा जा सकता कि इसी सप्ताह जिला कमेटियों की सूची जारी हो ही जायेगी।
बता दें कि दो दिन पहले शुक्रवार की शाम कई माह के लंबे इंतजार के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया की मुहर लगने के बाद भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मंडल अध्यक्ष घोषित कर दिये गये। भाजपा नेता यह दावा करते नहीं थक रहे थे कि बड़ा बदलाव नहीं होगा। जो भी बदलाव होगा वह 30 से 40 फीसद तक होगा। लेकिन जब सूची घोषित की गई तो गाजियाबाद महानगर में तो दावों के अनुसार ही बदलाव हुआ। यहां पर 20 में से आठ मंडल अध्यक्ष बदले गये। लेकिन गाजियाबाद जिले में तो बदलाव 80 फीसद तक पहुंच गया। यहां पर 11 में से आठ मंडल अध्यक्षों को बदल दिया गया।

भाजपा सूत्रों के अनुसार जो अध्यक्ष बरकरार रखे गये हैं उनकी पार्टी के प्रति निष्ठा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि जिन एक अध्यक्ष को दूसरी बार मौका दिया गया वे दो वर्ष से काम ही नहीं कर रहे थे। जिस कारण उनके स्थान पर संयोजक को लगाया गया। इसके साथ ही कुछ जेबी अध्यक्ष बनाये गये हैं।

भाजपा सूत्रों की मानें तो अगले एक सप्ताह के भीतर जिला कमेटियां घोषित होगी। इसके साथ ही यह चर्चा भी चल पड़ी है कि गाजियाबाद जिला कमेटी में जिस प्रकार मंडल अध्यक्षों में बदलाव हुआ है उसी प्रकार भारी फेरबदल हो सकता है। लेकिन इसका पता तो सूची आने पर ही चल पायेगा। सूची कब तक जारी होगी इसके संबंध में कोई भी पदाधिकारी खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है। हालांकि भाजपा के लोग ही टिप्पणी कर रहे हैं कि अब जब लोकसभा चुनाव में कम समय बचा है ऐसे में जिला कमेटियों की घोषणा में देरी करना पार्टी के हित में नहीं है।

जब जागो तब सवेरा
भाजपा में अब कोई भी बात दावे से नहीं कही जा सकती। पिछले कई माह से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी जहां जल्द कमेटियों की घोषणा की बात कहते थे, वहीं प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह हर बैठक में यह निर्देश देते थे कि जल्द से जल्द कमेटियों की घोषणा की जाये। लेकिन मंडल अध्यक्षों की घोषणा में ही कई माह लग गये। अब भी यह दावा किया जा रहा है कि जल्द ही जिला कमेटियों की घोषणा हो जायेगी। लेकिन कब। एक कार्यकर्ता कहते हैं कि जब जागो तब सवेरा। इसका अर्थ समझा जा सकता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *