Dainik Athah

पश्चिमी उप्र पर मुख्य फोकस है भाजपा नेतृत्व का

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल को यादगार बनाने में जुटी पूरी भाजपा
  • आज प्रदेश महामंत्री संगठन देंगे अभियान प्रमुखों को टिप्स
  • गाजियाबाद समेत 8 जिलों के अभियान प्रमुखों की बैठक आज गाजियाबाद में
  • शुक्रवार को भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के आधा दर्जन कार्यक्रम

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ वर्ष के कार्यकाल को यादगार बनाने के साथ ही 2024 के लोकसभा चुनावों की तैयारियों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झौंक दी है। जिस प्रकार कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है उसे देखते हुए लगता है कि भाजपा का पूरा फोकस पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर अधिक है।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन को नौ वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा पूरे देश में कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। इसके लिए छोटे से कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के राष्टÑीय अध्यक्ष तक इन कार्यक्रमों को सफल बनाने में जुटे हैं। दो दिन पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी गाजियाबाद में थे, तो बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीयअध्यक्ष जेपी नड्डा नोएडा में। अब भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह फिर मेरठ मंडल के जिलों की बैठक करने गुरुवार को गाजियाबाद आ रहे हैं। वहीं भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या शुक्रवार को गाजियाबाद में रहेंगे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल गुरुवार को गाजियाबाद में मेरठ मंडल के जिलों गाजियाबाद, नोएडा एवं मेरठ महानगर के साथ ही जिलोंं, हापुड़, बुलंदशहर एवं बागपत जिलों की बैठक करेंगे। इस बैठक में अभियानों के प्रमुखों को बुलाया गया है। भाजपा सूत्रों के अनुसार धर्मपाल सिंह अभियान प्रमुखों से जहां अब तक किये गये कामों का ब्यौरा तलब करेगे, वहीं दूसरी तरफ अभियान किस प्रकार चलाने हैं इसके टिप्स भी देंगे। इस बैठक में भाजपा के जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक को लेकर पार्टी ने तैयारी पूरी कर ली है।

इसके साथ ही भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं युवा सांसद तेजस्वी सूर्या शुक्रवार नौ जून को गाजियाबाद में रहेंगे। वे लोनी से लेकर गाजियाबाद महानगर तक करीब आधा दर्जन बैठकों में मौजूद रहेंगे। इसको लेकर भी गाजियाबाद जिला एवं महानगर भाजपा तैयारियों में जुटी है। बता दें कि इससे पहले सूर्या को पांच जून को गाजियाबाद आना था। लेकिन उस दिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के कार्यक्रमों के कारण सूर्या का कार्यक्रम परिवर्तित कर दिया गया।
भाजपा सूत्रों के अनुसार जिस प्रकार पहलवानों का आंदोलन चल रहा है तथा इस आंदोलन से किसान यूनियन जुड़ गई है उसे देखते हुए भाजपा ने पूरा फोकस पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर कर दिया है। इसका एक कारण यह भी है कि पश्चिम की कई जीती हुई लोकसभा सीटें भी भाजपा के आंतरिक सर्वे में रेड जोन में आई है। इस कारण भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *