Dainik Athah

पार्टी हित से ऊपर उठकर ब्यूरोक्रेट कार्य करें: मोदी

  • स्वाधीनता सेनानियों के सपनों को पूरा करने का दायित्व हम सभी पर
  • हमारे पास समय कम है, लेकिन सामर्थ्य भरपूर

कविलाश मिश्र

नई दिल्ली।  सिविल सेवा दिवस के अवसर ब्यूरोक्रेसी को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों का बहुत महत्व होता ही है और ये आवश्यक भी है। हर दल की अपनी विचारधारा होती है,  लेकिन एक ब्यूरोक्रेट के तौर पर, एक सरकारी कर्मचारी के तौर पर अब आपको अपने हर निर्णय में कुछ सवालों का अवश्य ध्यान रखना ही पड़ेगा। जो राजनीतिक दल सत्ता में आया है, वो करदाताओं के पैसे का इस्तेमाल अपने दल के हित के लिए कर रहा है, या देश के हित के लिए उसका उपयोग कहां हो रहा है? यह आप लोगों को देखना ही होगा। वो राजनीतिक दल, अपने दल के विस्तार में सरकारी धन का उपयोग कर रहा है या फिर देश के विकास में उस पैसे का इस्तेमाल कर रहा है? वो राजनीतिक दल, अपना वोटबैंक बनाने के लिए सरकारी धन लुटा रहा है या फिर सभी का जीवन आसान बनाने के लिए काम कर रहा है? वो राजनीतिक दल, सरकारी पैसे से अपना प्रचार कर रहा है, या फिर ईमानदारी से लोगों को जागरूक कर रहा है? वो राजनीतिक दल, अपने कार्यकर्ताओं को ही विभिन्न संस्थाओं में नियुक्त कर रहा है या फिर सबको पारदर्शी रूप से नौकरी में आने का अवसर दे रहा है? वो राजनीतिक दल, नीतियों में इसलिए तो फेरबदल नहीं कर रहा, ताकि उसके आकाओं की काली कमाई के नए रास्ते बनें? आप अपने हर फैसले से पहले इन सवालों के बारे में भी जरूर सोचें। सरदार पटेल जिस ब्यूरोक्रेसी को स्टील फ्रेम ऑफ इंडिया कहा करते थे, उसी ब्यूरोक्रेसी को उनकी अपेक्षाओं पर भी खरा उतरना है।   उन्होंने कहा कि आजादी के अमृतकाल में देश के स्वाधीनता सेनानियों के सपनों को पूरा करने का दायित्व हम सभी पर है।

हमारे पास समय कम है, लेकिन सामर्थ्य भरपूर है। हमारे लक्ष्य कठिन हैं, लेकिन हौसला कम नहीं है। हमें पहाड़ जैसी ऊंचाई भले चढ़नी है, लेकिन इरादे आसमान से भी ज्यादा ऊंचे हैं। पिछले 9 वर्षों में भारत आज जहां पहुंचा है, उसने हमारे देश को बहुत ऊंची छलांग के लिए तैयार कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश में ब्यूरोक्रेसी वही है, अधिकारी-कर्मचारी वही हैं, लेकिन परिणाम बदल गए हैं। भारत अगर विश्व पटल पर एक विशिष्ट भूमिका में आया है, तो इसमें आप सबका सहयोग बड़ा महत्‍वपूर्ण रहा है।   प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में अगर देश के गरीब से गरीब को भी सुशासन का विश्वास मिला है, तो इसमें भी आपकी मेहनत रंग लाई है। कोरोना के महासंकट के बावजूद आज भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।श्री मोदी ने कहा कि देश को आजादी के इस अमृतकाल तक लाने में उन अधिकारियों की बड़ी भूमिका रही, जो 15-20-25 साल पहले इस सेवा में आए। अब आजादी के इस अमृतकाल में उन युवा अधिकारियों की भूमिका सबसे बड़ी है, जो अगले 15-20-25 साल इस सेवा में रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि  ‘मैं आज भारत के हर सिविल सेवा अधिकारी से यही कहूंगा कि आप बहुत भाग्यशाली हैं। मुझे पूरा विश्‍वास है कि मेरी बात पर आपको पूरा भरोसा होगा। हो सकता है, कुछ लोग न भी मानते हो कि वो सौभाग्‍यशाली नहीं है। अपनी-अपनी सोच हर किसी को मुबारक।’सिविल सेवा अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, बहुत बड़े परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। 2014 के मुकाबले आज देश में 10 गुना ज्यादा तेजी से रेल लाइनों का विधुतीकरण हो रहा है। 2014 के मुकाबले आज देश में दोगुनी रफ्तार से राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण हो रहा है। 2014 के मुकाबले आज देश के बंदरगाहों पर क्षमता विस्तार लगभग दोगुना हो चुका है। 2014 के मुकाबले आज देश में एयरपोर्ट्स की संख्या भी दोगुने से ज्यादा हो चुकी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्ष 15 अगस्त को उन्होंने लाल किले से, देश के सामने पंच प्राणों का आह्वान किया था। इसमें विकसित भारत के निर्माण का विराट लक्ष्य , गुलामी की हर सोच से मुक्ति , भारत की विरासत पर गर्व की भावना, देश की एकता-एकजुटता को निरंतर सशक्त करना , और अपने कर्तव्यों को सर्वोपरि रखना शामिल हैं इन पंच प्राणों की प्रेरणा से जो ऊर्जा निकलेगी, वो हमारे देश को वो ऊंचाई देगी, जिसका वो हमेशा हकदार रहा है।

उन्होंने कहा कि , मुझे ये देखकर भी अच्छा लगा कि आप सभी ने इस वर्ष सिविल सेवा दिवस की थीम भी ‘विकसित भारत’ रखी है। विकसित भारत के निर्माण के पीछे क्या सोच है, ये उस पुस्तक में भी झलकता है, जिसका अभी विमोचन हुआ है। विकसित भारत सिर्फ आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर या आधुनिक निर्माण तक सीमित नहीं है।  उन्होंने कहा कि आजादी के बाद के दशकों का अनुभव रहा है कि योजनाएं कितनी भी बेहतर हों, कागज़ पर कितना ही शानदार रोडमैप क्यों ना हो, लेकिन अगर लास्ट माइल डिलिवरी ठीक नहीं होगी तो अपेक्षित परिणाम नहीं मिलेंगे। आप भली-भांति जानते हैं कि, ये पहले के सिस्टम की ही देन थी कि देश में 4 करोड़ से ज्यादा फर्जी गैस कनेक्शन, 4 करोड़ से ज्यादा फर्जी राशन कार्ड और देश में एक करोड़ काल्पनिक महिलाओं और बच्चों को महिला और बाल विकास मंत्रालय की सहायता जा रही थी। ये पहले के सिस्टम की ही देन थी कि अल्पसंख्यक मंत्रालय, करीब 30 लाख फर्जी युवाओं को स्कॉलरशिप का लाभ दे रहा था। …और ये भी पहले के ही सिस्टम की ही देन है कि मनरेगा के तहत देश में लाखों ऐसे फर्जी अकाउंट बने, लाखों ऐसे श्रमिकों को पैसे ट्रांसफर किए गए, जिनका अस्तित्व ही नहीं था। आप सोचिए, जिनका कभी जन्म ही नहीं हुआ, जो सिर्फ कागजों में ही पैदा हुए, ऐसे लाखों-करोड़ों फर्जी नामों की आड़ में एक बहुत बड़ा इकोसिस्टम भ्रष्टाचार में जुटा था। आज देश के प्रयासों से, आप सभी के प्रयासों से, ये सिस्टम बदला है, देश के करीब-करीब तीन लाख करोड़ रुपए गलत हाथों में जाने से बचे हैं। आप सब इसके लिए अभिनंदन के अधिकारी हैं। आज ये पैसे गरीबों की भलाई के काम आ रहे हैं, उनका जीवन आसान बना रहे हैं।

श्री मोदी ने कहा कि जब समय सीमित हों, तो ये तय करना बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है कि हमारी दिशा क्या होगी, हमारी कार्यशैली क्या होगी। आज चुनौती ये नहीं है कि आप कितने सक्षम हैं, बल्कि चुनौती ये तय करने में है कि जहां जो कमियां है, वो कैसे दूर होगी? अगर हमारी दिशा सही होगी, तो सक्षमता को ताकत मिलेगी और हम आगे बढ़ेंगे।   प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रशासन का बहुत बड़ा समय एनओसी, प्रमाण पत्र, क्लीयरेंस, इन्हीं सब कामों में चला जाता है। हमें इनके समाधान निकालने ही होंगे। तभी ईजी ऑफ लिविंग बढ़ेगी, तभी ईजी ऑफ डूइंग बिज़नेस बढ़ेगा।  आज पूरे विश्व की भी भारत से अपेक्षाएं बहुत ज्यादा बढ़ी हुई हैं। दुनिया भर के एक्सपर्ट, विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं ये कह रही हैं कि भारत का समय आ गया है। ऐसी स्थिति में भारत की ब्यूरोक्रेसी को एक भी पल गंवाना नहीं है। उन्होंने कहा कि आज ‘मैं भारत की ब्यूरोक्रेसी से, भारत के हर सरकारी कर्मचारी से, चाहे वो राज्य सरकार में हो या केंद्र सरकार में, मैं एक आग्रह जरूर करना चाहता हूं। देश ने आप पर बहुत भरोसा किया है, आपको मौका दिया है, उस भरोसे को कायम रखते हुए काम करिए। मैं आपसे अक्सर कहता हूं कि आपकी सर्विस में, आपके निर्णयों का आधार सिर्फ और सिर्फ देशहित होना चाहिए।’  उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए 25 वर्षों की अमृत यात्रा को देश ने कर्तव्यकाल माना है। आज़ादी की शताब्दी देश की स्वर्ण शताब्दी तब होगी, जब हम कर्तव्यों को पहली प्राथमिकता देंगे। कर्तव्य हमारे लिए विकल्प नहीं संकल्प हैं। ये समय तेजी से बदलाव का समय है। आपकी भूमिका भी आपके अधिकारों से नहीं, आपके कर्तव्यों और उनके पालन से तय होगी। ***

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *