Dainik Athah

देश में खुशहाली समाजवादी रास्ते से ही आएगी: अखिलेश यादव

समाजवादी विचारक डा. राम मनोहर लोहिया की 113 वीं जयंती मनाई

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी की ओर से राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में समाजवादी नेता एवं विचारक डा. राममनोहर लोहिया की 113वीं जयंती सादगी से मनाई गई।
गुरुवार को राजधानी लखनऊ में लोहिया पार्क, गोमती नगर में मुख्य कार्यक्रम हुआ जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डा. राममनोहर लोहिया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश में खुशहाली समाजवादी रास्ते से ही आएगी। देश और समाज की समस्याओं का समाधान समाजवादी रास्ते से ही हो सकता है। डा. राममनोहर लोहिया ने गैर-बराबरी के खिलाफ लड़ाई लड़ी, लोगों को जागरूक किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि हम सभी लोग डा. राममनोहर लोहिया की याद कर रहे हैं। उनके साथ हम भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरू को भी याद करते हैं जिनका आज शहीद दिवस भी है। उन्होंने कहा कि डा. राममनोहर लोहिया ने समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पूंजीवादी लोग एक तरफ जहां पूंजीवादी व्यवस्था को आगे बढ़ाना चाहते हैं, वहीं समाज में गरीब-अमीर के बीच खाई बढ़ रही हैं। ऐसे में समाजवादी आंदोलन की सबसे ज्यादा जरूरत है। डा. लोहिया के बताए रास्ते पर चलकर नेताजी मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाया। समाजवादी व्यवस्था, सम्पन्नता और बराबरी के रास्ते पर ले जाती है।

अखिलेश यादव ने कहा कि उर्दू प्रेम की भाषा है। उर्दू भाईचारे की भाषा है। उर्दू भारतीय भाषा है। उर्दू ने गंगा जमुनी तहजीब और मिली जुली संस्कृति को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने समाज में नफरत का जह़र फैलाया है। लोगों को खास कर मुसलमान भाइयों को अपमानित किया है। भाजपा से कोई उम्मीद नहीं है। भाजपा उर्दू की बात 2024 में वोट लेने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकार ने मिलकर 17 बजट प्रस्तुत किये है, जनता आज भी महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। आलू, गेहूं, सरसों किसान आज बर्बाद हो गया है। भाजपा ने इनकी कोई मदद नहीं की है। भाजपा सरकार ने गन्ना की कीमत नहीं बढ़ाई। गन्ना किसानों के बकाये का भुगतान नहीं किया है। नौजवानों को नौकरी रोजगार नहीं मिल रहा है। भाजपा आरक्षण को खत्म कर रही है। भाजपा सरकार निजीकरण कर सरकारी नौकरियां समाप्त कर रही है।

उत्तम पटेल, अवधेश प्रसाद, स्वामी प्रसाद मौर्य, आरके चौधरी, ओम प्रकाश सिंह, रविदास मेहरोत्रा, राजेन्द्र यादव, अरविन्द कुमार सिंह, डा. राजपाल कश्यप, अनुराग यादव आदि सैकड़ों कार्यकतार्ओं ने नमन कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *