Dainik Athah

क्रास एफआईआर से संघ- भाजपा कार्यकर्ता हो रहे मायूस

संघ स्वयं सेवकों- भाजपा पदाधिकारियों के खिलाफ

ऊपर तक मामले को पहुंचाने की बन रही रणनीति

अनेक वरिष्ठ नेताओं ने साध रखी है चुप्पी

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
बाल स्वयं सेवकों के पथ संचलन के दौरान संघ के स्वयं सेवकों से मारपीट एवं बाद में संघ स्वयं सेवकों के साथ ही भाजपा पदाधिकारियों के खिलाफ क्रास एफआईआर दर्ज होने से संघ स्वयं सेवक एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में बेचैनी है। दूसरी तरफ संघ एवं भाजपा इस मुद्दे को मुख्यमंत्री एवं पार्टी नेतृत्व तक ले जाने की रणनीति बना रहे हैं।
बता दें कि रविवार को संघ के बाल स्वयं सेवकों के पथ संचलन में जबरन स्कूटी ले जाने तथा विरोध करने पर संघ के दो वरिष्ठ स्वयं सेवकों को आरोपी उठाकर अपने घर ले गये और जमकर पीटा। इस मामले में पुलिस ने दोषियों के खिलाफ एफआईआर तब दर्ज की जब मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी एवं महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कविनगर थाने में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ डेरा डाल दिया। उधर दूसरी तरफ आरोपियों की गिरफ्तारी के विरोध में रालोद कार्यकर्ताओं ने थाने में ही धरना शुरू कर दिया था।

रालोद के नेता भाजपा एवं संघ पर भारी पड़े। रविवार को देर शाम कविनगर पुलिस ने भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा के मंडल अध्यक्ष दुष्यंत पुंडीर, अनुराग कौशिक, दुष्यंत राय, धर्मेंद्र मिश्रा, गिरीश कुमार, दुशानन एवं अज्ञात समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 452, 307, 323, 504, 506 में मुकदमा दर्ज कर लिया। अब रालोद ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है। दूसरी तरफ भाजपा एवं संघ के पदाधिकारी एवं अधिकारी केवल बातचीत में ही गुस्सा जता रहे हैं। भाजपा के अनेक नेता तो इस मुद्दे पर चुप्पी साधकर बैठ गये हैं।

सूत्रों के अनुसार भाजपा एवं संघ से जुड़े इस मामले में उच्च स्तर पर संगठन में बात कर रहे हैं। हालांकि शाम तक क्षेत्रीय भाजपा अध्यक्ष मोहित बेनीवाल तक को क्रास एफआईआर की जानकारी नहीं थी।

गाजियाबाद पुलिस अपराधियों के दबाव में काम कर रही है। यह पुलिस का कायराना कृत्य है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। यहां पर कायरों की फौज की जरुरत नहीं है। हमने पुलिस के आला अधिकारियों से कहा है कि कोई हत्या करने के बाद थाना घेर लेगा तब भी क्या पीड़ित के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज होगा। ऐसे अधिकारी गाजियाबाद में नहीं रहेंगे। पुलिस जल्द से जल्द क्रास एफआईआर को समाप्त करें।

नंद किशोर गुर्जर, विधायक लोनी

पुलिस ने जो क्रास एफआईआर की है वह गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिये। संघ के कार्यकर्ता तो हमेशा अनुशासन में रहते हैं। पुलिस ने जो किया है वह गलत किया है। इस मामले में जहां भी जिस स्तर पर बात करने की आवश्यकता होगी वह की जायेगी।

अनिल अग्रवाल, राज्यसभा सांसद

हम पुलिस की इस कार्रवाई से हतप्रभ है। पुलिस से हमें ऐसी उम्मीद नहीं थी। पुलिस का क्रास एफआईआर करना दुर्भाग्य पूर्ण है। पूरे घटनाक्रम से शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराया जा रहा है।
संजीव शर्मा, महानगर अध्यक्ष भाजपा (इस मामले में स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, विधायक अतुल गर्ग एवं सुनील शर्मा से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी को फोन किसी और ने उठाया तो किसी ने फोन ही नहीं उठाया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *