Dainik Athah

निकाय चुनाव जीतने को संगठन- जनप्रतिनिधि मिलकर करें काम

निकाय चुनाव की रणभेरी बजा गये मुख्यमंत्री

अपने भाषण में निकाय चुनाव को लेकर कर दिया इशारा

जिले की सभी नगर निकायों की ली फीड बैक, कहा सभी निकायों में जीतना है

अशोक ओझा
गाजियाबाद।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का निकाय चुनाव से ठीक पहले गाजियाबाद आगमन हुआ तो वे निकाय चुनाव की रणभेरी भी बजा गये। इतना ही नहीं संगठन एवं जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करने एवं जीत हासिल करने की बात भी स्पष्ट रूप से कह गये।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में भाग लेने के साथ ही विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के लिए मंगलवार को गाजियाबाद आये थे। इस दौरान मंच से भाषण करते हुए उन्होंने स्पष्ट रूप से संकेत भी देते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार (केंद्र व प्रदेश) में एक पार्टी की होने से विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है। जब निकायों में भी भाजपा की सरकार होगी तो विकास और तेज गति से होगा। उन्होंने जनता को स्पष्ट संकेत दे दिया कि निकाय चुनाव में भाजपा को विजयी बनाना है।


कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच के पीछे बनाये गये वीवीआईपी कक्ष में संगठन पदाधिकारियों के साथ ही जन प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा तथा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल से जिले की नगर निकायों की जानकारी प्राप्त की कि नगर निगम के साथ ही कितनी नगर पालिका एवं नगर पंचायत है। इसके साथ ही उन्होंने पूछा कि वर्तमान में निकायों की क्या स्थिति है। इस पर उन्हें बताया गया कि सभी नगर पालिकाओं में भाजपा की जीत हुई थी। लेकिन नगर पंचायतों में पार्टी की हार हुई। इस पर मुख्यमंत्री ने दोनों अध्यक्षों से कहा कि वे जन प्रतिनिधियों के साथ मिलकर निकाय चुनावों में जीत की पटकथा लिखें। उन्होंने यहां पर भी कहा कि निकाय चुनावों में जीत हासिल होने से विकास भी तेज होगा।


इस दौरान भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्टÑीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह, सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, सांसद अनिल अग्रवाल, कांता कर्दम, विधायक सुनील शर्मा, अतुल गर्ग, अजीत पाल त्यागी, डा. मंजू शिवाच, नंद किशोर गुर्जर, धर्मेंश तोमर, दिनेश गोयल, धर्मेंद्र भारद्वाज के साथ ही मंचासीन अधिकांश लोग उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *