Dainik Athah

… तो क्या पूरे लोनी क्षेत्र में अवैध कब्जों की हो सकती है जांच

नंद किशोर गुर्जर ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात

विशेषाधिकार हनन का नोटिस भी लिया जायेगा वास

विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा मेरी भी जांच करवा लो

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
प्रदेश के आला आईएएस अधिकारी पर आरोप लगाने वाले लोनी के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई मुलाकात के बाद आईएएस अधिकारी के खिलाफ दिया गया विशेषाधिकार हनन का नोटिस वापस लिया जायेगा। हालांकि लोनी में अवैध कब्जों की जांच नये शिरे से करवाने के संकेत भी मिल रहे हैं।

बता दें कि नंद किशोर गुर्जर ने पिछले दिनों प्रेसवार्ता कर लोनी एसडीएम के साथ ही प्रदेश के आला आईएएस अधिकारी पर भ्रष्टाचार के बड़े आरोप लगाये थे। इसके बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी विधायक के बयान को हाथों हाथ लेते हुए प्रदेश सरकार पर आरोप मढ़ दिये थे। इतना ही नहीं उन्होंने विधायक को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा था कि उन्हें हिस्सा न मिलने का क्रोध है। सूत्रों के अनुसार भ्रष्टाचार पर बयान देने के बाद नंद किशोर गुर्जर लखनऊ रवाना हो गये थे। सूत्रों का दावा है कि उन्हें बुलाया गया था। वहां जाने के बाद उन्होंने प्रदेश सरकार के आला मंत्रियों से भी मुलाकात की थी।

रविवार को नंद किशोर गुर्जर की मुलाकात प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई। इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने उनसे भ्रष्टाचार के संबंध में पूछा। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी संकेत दिये कि पूरे लोनी क्षेत्र में अवैध कब्जों की जांच करवा देते हैं। गुर्जर ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि वे उनकी भी जांच करवा लें। सोमवार को गुर्जर की मुलाकात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह से भी होगी। विधायक लोनी प्रदेश के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का जो प्रस्ताव दिया है उसे भी वापस लेंगे।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात हुई थी। उनके समक्ष पूरे मुद्दे उठाये गये। विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव भी सोमवार को वापस ले लिया जायेगा। सोमवार को ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह से भी मुलाकात होगी।
नंद किशोर गुर्जर, विधायक लोनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *