Dainik Athah

जमीनी हकीकत में खुली नगर निकायों की पोल, एक को छोड़ सभी ईओ मिले गायब

जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी निकायों का हुआ औचक निरीक्षण

अधिकांश स्थानों पर सफाई कर्मचारी भी आधे से कम मिले ड्यूटी पर

एडीएम प्रशासन, सभी एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
जिलाधिकारी के निर्देश पर हुए जिले की नगर निकायों (नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों) के निरीक्षण में निकायों की व्यवस्था की पोल तो खुली ही साथ ही निकायों में तैनात अधिशासी अधिकारियों (ईओ) की कार्यप्रणाली भी सामने आ गई कि वे कितनी जिम्मेदारी से काम कर रहे हैं। यहीं कारण है कि आठ ईओ में से मात्र एक ही ईओ ही अपने कार्यालय में उपस्थित मिले।

जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने 29 अगस्त को नगर निकायों की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने निकायों की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने निकायों की कार्यप्रणाली एवं सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिए निर्देश दिये। इसके बाद अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास को सुबह सात बजे निकायों की कार्यप्रणाली एवं सफाई व्यवस्था के औचक निरीक्षण के निर्देश दिये।

इसके तहत स्वयं एडीएम प्रशासन लोनी, नगर मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह मोदीनगर, एसडीएम मोदीनगर सुभांगी शुक्ला को मुरादनगर, एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह को खोड़ा, एसीएम तृतीय शाल्वी अग्रवाल को नगर पंचायत पतला एवं निवाड़ी, तहसीलदार मोदीनगर विजय प्रकाश को फरीदनगर तथा बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी राजेश कुमार देवरार को डासना नगर पंचायत भेजा गया।

लोनी नगर पालिका के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी गैर हाजिर मिले तथा 920 सफाई कर्मचारियों में से मात्र 277 उपस्थित पाये गये। खोड़ा नगर पालिका में भी ईओ गैर हाजिर पाई गई। यहां पर भी करीब एक सौ सफाई कर्मचारी मौके पर नहीं मिले। इसी प्रकार मोदीनगर नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी गैर हाजिर मिले एवं 258 में से 236 सफाई कर्मचारी उपस्थित पाये गये।

नगर पालिका मुरादनगर के ईओ उपस्थित मिले, लेकिन सफाई इंस्पेक्टर अनुपस्थित पाये गये। यहां पर 638 सफाई कर्मचारियों में से मात्र 90 उपस्थित मिले। नगर पंचायत पतला में ईओ गैर हाजिर मिली। यहां पर सफाई इंस्पेक्टर नौ बजे पहुंचे। इतना ही नहीं 44 सफाई कर्मचारियों में से 23 उपस्थित मिले। नगर पंचायत निवाड़ी में भी ईओ गैर हाजिर मिली। इतना ही नहीं यहां 62 सफाई कर्मचारियों में से 22 ही मौजूद मिले।

नगर पंचायत डासना में भी ईओ गैर हाजिर पाये गये। यहां 144 सफाई कर्मचारियों में से 112 उपस्थित मिले। नगर पंचायत फरीदनगर में भी ईओ गैर हाजिर थे। यहां 60 सफाई कर्मचारियों में से मात्र 25 उपस्थित मिले।

सफाई- पेयजल- प्रकाश व्यवस्था भी नहीं मिली सकी

निरीक्षण में पाया गया कि किसी भी नगर पालिका में न तो सफाई व्यवस्था ठीक मिली और न ही पेयजल तथा प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त मिली। इतना ही नहीं लॉग बुक की स्थिति भी ठीक नहीं मिली।

जिनके पास ईओ का चार्ज, वे कर रही थी निरीक्षण

औचक निरीक्षण में मोदीनगर ईओ को गैर हाजिर बताया गया है। लेकिन मजेदार तथ्य यह है कि ईओ का चार्ज एसडीएम मोदीनगर के पास है और वे मुरादनगर नगर पालिका परिषद का निरीक्षण कर रही थी।

जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने सभी अधिशासी अधिकारियों को कड़ी चेतावनी के साथ ही निर्देश भी दिये कि शासन की मंशा के अनुरूप सफाई एवं अन्य कार्यों का निरीक्षण ईओ स्वयं करें। औचक निरीक्षण में खामी पाये जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *