Dainik Athah

चौधरी भूपेंद्र सिंह के हाथ में यूपी भाजपा की कमान

लंबे इंतजार के बाद हुई उप्र भाजपा अध्यक्ष की घोषणा

2024 में सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी भाजपा: भूपेंद्र सिंह

अन्य एक दर्जन दावेदारों पर भारी पड़े भूपेंद्र सिंह, दिल्ली में लगा नेताओं- कार्यकर्ताओं का जमावड़ा

अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी ने लंबे उहापोह के बाद आखिरकार उत्तर प्रदेश का नया अध्यक्ष घोषित कर दिया। यूपी के पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह पर भरोसा जताते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेश भाजपा की कमान सौंप दी। अब 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत दिलाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उन्होंनेकहा कि मिशन 2024 में भाजपा की जीत होगी और पार्टी सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी।

मुरादाबाद जिले के रहने वाले चौधरी भूपेंद्र सिंह वर्तमान में प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री है। वे योगी पहली सरकार में भी इसी विभाग के राज्यमंत्री थे। इस बार उनको पदोन्नति दी गई है। यूपी भाजपा अध्यक्ष को लेकर पिछले कई माह से कयास का दौर जारी था। कभी केशव प्रसाद मौर्य तो कभी बीएल वर्मा समेत अन्य के नाम उछलते रहे हैं। लेकिन बुधवार को भाजपा नेतृत्व ने अचानक भूपेंद्र सिंह को दिल्ली पहुंचने को कहा। वे उस समय आजमगढ़ में थे। निर्देश मिलने के बाद वे तत्काल दिल्ली पहुंचे और सीधे राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले। इसके साथ ही उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के कयास लगने शुरू हो गये थे। गुरुवार को दोपहर राष्टÑीय महामंत्री अरुण सिंह ने पत्र जारी कर भूपेंद्र सिंह को पार्टी का यूपी अध्यक्ष नियुक्त किये जाने की घोषणा की।

इस घोषणा के साथ ही दिल्ली स्थिति यूपी भवन में गाजियाबाद- नोएडा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहुंचना शुरू कर दिया तथा उन्हें बधाई दी। इससे पूर्व भूपेंद्र सिंह ने दिल्ली में स्थित पार्टी के बड़े नेताओं से भी मुलाकात की। देर शाम वे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के निवास पर उनसे मिलने के लिए पहुंचे तथा उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।

भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे सामने लक्ष्य 2024 का है। उन्होंने राष्टÑीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उन्हें मौका दिया है। उन्होंने कहा कि संगठन का ढांचा हमारा नीचे तक बना हुआ है लिहाजा संगठन की आगे निर्माण में कोई दिक्कत नही है। कहा कि 2019 में सबसे बड़ा गठबंधन होने के बावजूद हमने बेहतर परिणाम हासिल किया था इस बार भी करेंगे।

नव नियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2024 में सभी सीटों पर भाजपा की विजय होगी। हारी हुई सीटों पर हम ज्यादा मेहनत कर रहे हैं। मिशन 2024 है और इसे हम पूरा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वांचल में जहां कमजोर रहे हैं वहा पर मजबूती से काम करेंगे तथा जीत हासिल करेंगे।

भूपेंद्र सिंह का जीवन परिचय

मुरादाबाद के किसान परिवार में जन्मे भूपेंद्र सिंह 1989 में विश्व हिंदू परिषद से जुड़े तथा राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। 1991 में वे विधिवित रूप से भाजपा के सदस्य बनें। 1993 में वे भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य, 1996 में जिला कोषाध्यक्ष, 1998 में जिलाध्यक्ष बनें। 1999 में भाजपा के टिकट पर संभल से लोकसभा का चुनाव लड़े, इसके बाद 2006 में वे पश्चिमी उप्र भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री बनें। 2012 से 17 तक वे पउप्र भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे। इसी दौरान उन्हें पार्टी ने एमएलसी भी बनाया। 2017 में भाजपा सरकार बनने पर वे पंचायती राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनें। 2019 में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया। 2022 में उन्हें दूसरी बार एमएलसी बनाया गया।

नगर निकाय चुनाव के साथ ही 2024 बड़ी चुनौती

चौधरी भूपेंद्र सिंह के सामने इसी वर्ष होने वाले नगर निकाय चुनाव के साथ ही 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव बड़ी चुनौती होंगे। लेकिन वे मूल रूप से संगठन के आदमी माने जाते हैं इस लिहाज से उन्हें इसमें कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *