Dainik Athah

10 करोड़ से अधिक लागत वाली योजनाओं का निरीक्षण कर सकते हैं योगी

मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर तैयारियों में जुटा प्रशासन

डीएम ने जिले में कई स्थानों पर किये निरीक्षण, दिये निर्देश

नगर निगम- जीडीए समेत अन्य विभाग भी जुटे तैयारियों में

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के मद्देनजर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। मुख्यमंत्री जिले में दस करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली किसी भी योजना का निरीक्षण कर सकते हैं। योजनाओं की सूची भी मुख्यमंत्री कार्यालय ने गाजियाबाद प्रशासन से मंगवा ली है।

बता दें कि जिलों का दौरा करने के लिए मुख्यमंत्री 26 अगस्त को निकल रहे हैं। वे 26 को हापुड़ एवं मेरठ जिलों का भ्रमण करेंगे तथा विकास योजनाओं की मौके पर जाकर पड़ताल भी करेंगे। हापुड़ में वे करीब आठ सौ करोड़ रुपये लागत की अनेक योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके बाद 27 नवंबर को वे गाजियाबाद एवं बुलंदशहर जिलों का दौरा कर निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन, जीडीए, नगर निगम समेत अन्य सभी विभाग तैयारियों में जुट गये हैं। खुद जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने जिले में अनेक योजनाओं का निरीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री जिले में दस करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली किन्हीं दो अथवा तीन योजनाओं का निरीक्षण कर सकते हैं। इसमें सबसे महत्वपूर्ण प्रधानमंत्री आवास योजना है। जिले में पांच स्थानों पर प्रधानमंत्री आवास करीब करीब बनकर तैयार हो चुके हैं। इनमें मोदीनगर के निवाड़ी, फरीदनगर, डासना के पास, विजयनगर आदि क्षेत्रों में है। इसके साथ ही मोदीनगर में सीवरजे की तीन योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है। वे निरीक्षण के लिए मोदीनगर भी जा सकते हैं।

दस करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली योजनाओं में रावली- सुराना मार्ग पर बागपत जिले को जोड़ने वाले पुल, विजयनगर, ट्रांस हिंडन क्षेत्र एवं असालतनगर में रेनीवेल का काम भी चल रहा है। इनमें से तीन का काम अंतिम चरण में है। इनके बनने से ट्रांस हिंडन क्षेत्र में पेयजल की किल्लत दूर हो सकेगी। इसके साथ ही लोनी में भी योजनाएं संचालित है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह लगातार इन योजनाओं के कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री जिले में निरीक्षण करने के लिए कहां जायेंगे इसकी जानकारी उनके आगमन से एक दिन पहले ही मिल सकेगी। लेकिन इतना अवश्य है मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह से चौकस हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *