Dainik Athah

मंथन: … और स्वतंत्र देव के सामने खुल गई पोल

रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह गाजियाबाद में थे। इस दौरान संगठन के साथ ही जन प्रतिनिधियों की पोल भी खुल गई। संगठन कैसा चल रहा है इसका खुलासा भी हो गया। स्वतंत्र देव सिंह के गाजियाबाद में आगमन के बाद उनका पहला सदस्यता अभियान का पहला कार्यक्रम मुरादनगर के असालतनगर में था। इस कार्यक्रम के बाद वे जैसे ही गाजियाबाद शहर विधानसभा के प्रताप विहार पहुंचे तो वहा से उनका मूड उखड़ना शुरू हुआ तो अंत तक उखड़ता ही गया। यहां पर श्रमिकों से संवाद का कार्यक्रम रखा गया था। लेकिन श्रमिकों के स्थान पर पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी हुई थी। इसके साथ ही शहर विधायक भी कार्यक्रम से गैर हाजिर थे। यह देख गाजियाबाद में पहली बार अध्यक्षजी उखड़े से नजर आये। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद विधायक जी के प्रतिनिधियों ने हाथ उठाकर कहा हम उनके प्रतिनिधि है। यहां से खोड़ा कालोनी पहुंचते ही रही सही कसर भी पूरी हो गई। भाजपा अपने संगठन को सबसे बेहतर मानती है। लेकिन जिस हॉल में कार्यक्रम था वहां पर महज दो दर्जन कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रदेश अध्यक्ष के बाद साहिबाबाद विधायक एवं खोड़ा नगर पालिका चेयरमैन पहुंचे तब उनके साथ जो समर्थक एवं कार्यकर्ता थे उनके आने के बाद कुछ संख्या नजर आई। लेकिन कार्यक्रम के अंत तक भी हॉल नहीं भर सका। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष की नाराजगी सीधे किसके ऊपर होगी यह वहां मौजूद सभी लोगों ने देखा। उन्होंने इशारों में ही संगठन की कमियों को लेकर तंज भी कस दिया। बहरहाल जिस संगठन की वाहवाही होती हो, उसकी खोड़ा में स्थिति क्या है। अब कहने वाले कह रहे हैं कि चौहान साहब जिम्मेदार है। अब पूरी जिम्मेदारी किसी न किसी के ऊपर तो डाली जायेगी। लेकिन संगठन एवं जन प्रतिनिधियों का क्या होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *