Dainik Athah

यदि सूची का प्रकाशन नहीं हुआ तो चुनाव आयोग के खिलाफ धरना देगी सपा: अखिलेश

मतदाता सूची में नाम जोड़ने व काटने का नहीं दिया जा रहा विवरण

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज यहां कहा कि पिछले चुनावों के समय मतदाता सूची में जोड़े और काटे गये नामों का विवरण चुनाव आयोग से मिल जाता था लेकिन इस बार ऐसी सूची का प्रकाशन नहीं किया जा रहा है। प्राप्त सूचनानुसार मतदाता सूची में 21,56,262 नाम जोड़े गए हैं जबकि 16,42,756 नाम काटे गए हैं। पता नहीं किस दबाव में जोड़े और काटे गए नामों का विवरण नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा यदि सूची का प्रकाशन नहीं किया गया तो चुनाव आयोग के खिलाफ समाजवादी पार्टी धरना देगी।

कन्नौज के पम्मी जैन एमएलसी द्वारा निर्मित समाजवादी सुगंध अखिलेश यादव ने लांच की। जैन ने इसे सर्व प्रथम यादव को भेंट किया। समाजवादी सुगंध में कश्मीर से कन्याकुमारी तक के 22 प्राकृतिक सुगंधों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों द्वारा यह परफ्यूम 4 से 6 महीने की मेहनत के बाद तैयार हुआ है जो 2022 में नफरत को खत्म कर खुशबू बिखेर देगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से बसपा छोड़कर पीलीभीत की दिव्या गंगवार और चौधरी प्रदीप सिंह पटेल के साथ रविशंकर गंगवार, बृजेश गंगवार तथा भाजपा छोड़कर हरिओम उपाध्याय पूर्व मंत्री जालौन ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनके अतिरिक्त बसपा छोड़कर जिला महाराजगंज के सिसवा बाजार के पूर्व पार्षद प्रमोद शर्मा के साथ मनोज शर्मा, सत्यजीत कुमार उर्फ सौरभ शर्मा, उमेश नंद, अरविन्द शर्मा और नौशाद अहमद समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भाजपा छोड़कर आये प्रदेश सचिव अखिल भारतीय लोधी महासभा सुशील कुमार सहित अजीत कुमार, सुभाष राजपूत, आशीष राजपूत, सिद्धार्थ कुमार सहित लगभग तीन दर्जन लोगों को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई। प्रतापगढ़ के जावेद अख्तर, पार्थ द्विवेदी तथा मोहम्मद हुसाम (सभी एडवोकेट) को समाजवादी पार्टी का सदस्य बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *