Dainik Athah

वोट से अहिंसक परिवर्तन की नयी मंजिल तय करनी है: अखिलेश यादव

सैकड़ों लोगों ने दी अखिलेश यादव को विजय दशमी की बधाई

जनता के हित में भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह विफल

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलकर सैकड़ों कार्यकतार्ओं, पदाधिकारियों के अतिरिक्त बड़ी संख्या में आए व्यापारियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकतार्ओं सहित महिलाओं, अल्पसंख्यकों तथा कई किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मुलाकात कर विजयदशमी की बधाई दी। यादव ने उनको धन्यवाद देते हुए याद दिलाया कि अब चंद महीने बाद ही प्रदेश की जनता को अपना भाग्य निर्णय का अधिकार मिलेगा। लोकतंत्र पर आए संकट को देखते हुए वोट से अहिंसक परिवर्तन की नयी मंजिल तय करनी है।

राजपुरोहित हरि प्रसाद मिश्रा ने विजयदशमी पर अखिलेश यादव को विजयी भव का आशीर्वाद दिया और रक्षा सूत्र बांधा। उन्होंने कहा समय, परिस्थतियां ग्रह-नक्षत्र सब श्री अखिलेश जी के अनुकूल हैं। वे ही मुख्यमंत्री बनेंगे।

अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि विजयदशमी का पर्व अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय का संदेश देता है। यह सबक भी मिलता है कि अहंकार और अत्याचार का परिणाम सदैव बुरा होता है। यह भी सुनिश्चित है कि बुराई और असत्य के मुकाबले हमेशा सत्य की जीत होती है और असत्य पराजित होता है।

हमें इसलिए अपने आचरण में सद्भाव को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज समाज संक्रमण के दौर से गुजर रहा है। संकीर्ण मानसिकता के चलते आपसी सौहार्द बिगड़ रहा है। अधिनायकशाही सोच से सत्ता असहमति की आवाज का दमन कर रही है।

भाजपा सरकार की नीति और नीयत विभाजनकारी है। लोकतंत्र और सामाजिक समरता को कमजोर करना ही भाजपा का मूल एजेंडा है। जनता के हित में भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह विफल है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता की खुशहाली और समृद्धि समाजवादी पार्टी की सरकार में ही सम्भव है। समाजवादी पार्टी की प्रतिबद्धता विकास और समाजवाद के प्रति है। अपनी पिछली समाजवादी सरकार में जो काम हुए वे आज भी बोलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *