Dainik Athah

परिवर्तन की आवाजें उठ रही हैं, भाजपा का जाना तय है: अखिलेश

अथाह संवाददाता
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में लाखों किसान भाजपा के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं तो भदोही में शिक्षक, बुनकर, नौजवान बहुत बड़ी तादाद में एकत्र हैं। यह परिवर्तन की आवाजें हैं और अब भाजपा का सत्ता से बेदखली होना तय है। समाजवादी पार्टी की सन् 2022 के चुनावों में बहुमत से जीत होगी। समाजवादी सरकार बनने पर किसानों- बुनकरों को बिजली की सुविधा मिलेगी और नौजवानों के रोजगार का इंतजाम होगा।


अखिलेश यादव भदोही में आयोजित समाजवादी शिक्षक सभा के सम्मेलन एवं शिक्षक सम्मान समारोह कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो0 बी. पाण्डेय ने की। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार से किसान-नौजवान-शिक्षक हर वर्ग नाराज हैं। कोरोना के समय सरकार ने जनता को अनाथ छोड़ दिया। श्री यादव ने कहा कि आज किसानों का अधिकार छीना जा रहा है। नए कृषि कानून लागू होने के बाद किसानों की खेती छिन जाएगी और खेती खत्म हो जाएगी। भाजपा ने सरकार में आने पर किसानों की आय दुगना करने का वादा किया था लेकिन किसान की आय दुगनी होने की जगह कम हो गई। अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार ने विकास को रोक दिया है।


श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार राष्ट्र की सम्पत्ति बेच रही है। सरकार की नीति ऐसी है, जिसके पास पैसा हो वह रेल, एयरपोर्ट, बीमा, बैंक, पोर्ट, सब खरीद सकता है। मंहगाई, बेरोजगारी बढ़ गयी है। लोगों की जेब में पैसा नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि आज सब जान गए हैं कि भाजपा ने उन्हें धोखा दिया है। अपना कोई संकल्प भाजपा ने पूरा नहीं किया। 42 प्रतिशत वोट के दावेदारी करने वाले अब बंद कमरों में प्रबुद्ध सम्मेलन कर रहे हैं। भाजपा चुनाव हारने जा रही है। जनता ने तय कर लिया है कि वह इस बार भाजपा का सफाया कर देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *