भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कोई पदाधिकारी शामिल नहीं
कुछ लोगों ने आयोजित किया कार्यक्रम, पश्चिम के विधायकों को भेजा भाजपा पश्चिम की तरफ से निमंत्रण
कार्यक्रम में जाने के बाद विधायकों को हुआ गलती का अहसास, कई सफाई देने में जुटे
एक विधायक, एक एमएलसी बताये जा रहे कार्यक्रम के सूत्रधार
अशोक ओझा
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त अध्यक्ष पंकज चौधरी का लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम विवादों में घिर गया है। बगैर पश्चिम के पदाधिकारियों के हुआ यह सम्मान कार्यक्रम अब भाजपा में दिल्ली से लेकर लखनऊ तक चर्चा में बना है। इसके सूत्रधार भी एक विधायक और एक एमएलसी को बताया जा रहा है। हालांकि कार्यक्रम के बाद कई विधायक यह सफाई भी दे रहे हैं कि उन्हें नहीं पता था कि कार्यक्रम भाजपा संगठन का नहीं है।
बता दें कि भाजपा पश्चिम क्षेत्र के नाम पर लखनऊ के पांच सितारा होटल क्लार्क अवध में मंगलवार की देर शाम भाजपा के नये नवेले प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक भाजपा के कुंदरकी विधायक थे। जबकि युवा चेहरों के नाम पर मुजफ्फरनगर जिले के कुछ युवाओं को आगे किया गया। इन्हें युवा मोर्चा के पदाधिकारी बताया गया। मंच पर भाजपा के एमएलसी और पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल भी सक्रिय भूमिका में थे। इतना ही नहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी भी इस आयोजन में मौजूद थे।
भाजपा पश्चिम क्षेत्र के नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पश्चिम के भाजपा विधायकों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में पश्चिम के कुछ विधायकों ने अपनी उपस्थिति भी दर्ज करवाई, जबकि कुछ ने कार्यक्रम से दूरी बनाये रखने में ही भलाई समझी। शायद उन्हें इस बात का अंदेशा हो गया था कि कार्यक्रम कुछ गड़बड़ है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार जो विधायक इस कार्यक्रम की शोभा बनें उनमें से भी कइयों ने फोन कर अपनी स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास शुुरू कर दिया है। कार्यक्रम में जहां पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाजपा का कोई पदाधिकारी मौजूद नहीं थे वहीं, कोई जिलाध्यक्ष अथवा जिला प्रभारी भी मौजूद नहीं थे। ऐसे में कार्यक्रम में लगे बैनर को लेकर भी सवाल उठ खड़े हो रहे हैं। अब सवाल यह भी है कि क्या प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को भी पूरी जानकारी नहीं दी गई।
सूत्रों की मानें तो इस कार्यक्रम को कुछ लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने अपने नंबर बढ़ाने के लिए आयोजित किया गया। अब जबकि इसकी गूंज दिल्ली से लेकर लखनऊ तक हो रही है ऐसे में पार्टी के अनुशासन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
