समाजवादी पार्टी मुख्यालय लखनऊ में विधायकों की बैठक, नए मतदाता बनाने पर दिया जोर
अथाह व्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी पार्टी के विधायकों, विधान सभा एवं विधान परिषद के सदस्यों की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एसआईआर के माध्यम से साजिश करने पर तुली हुई है। उसकी मंशा पात्र मतदाताओं, विशेषकर समाजवादी पार्टी के समर्थकों को मतदान से वंचित करने की है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से नए मतदाता बनाने के अभियान को गंभीरता से लेने और पूरी निष्ठा के साथ जुटने का आह्वान किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने की जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी की है। जनता के बीच समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने के साथ अपनी भाषा और व्यवहार से जीत का माहौल बनाना है। उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं बल्कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव होगा, क्योंकि संविधान बचेगा तभी आरक्षण बचेगा और पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों को उनका हक और सम्मान मिल सकेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को जंगलराज में बदल दिया है। कानून का राज खत्म हो गया है। महंगाई की मार से आम जनता त्रस्त है, जीएसटी ने व्यापार को चौपट कर दिया है। महिलाएं और बच्चियां असुरक्षित हैं, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई हुई है, विकास कार्य ठप हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब उत्तर प्रदेश से भाजपा की सरकार जाएगी तभी प्रदेश में खुशहाली लौटेगी। किसानों और नौजवानों की जिंदगी में सुधार आएगा और भ्रष्टाचार से मुक्ति मिल सकेगी।
