प्रदेशभर में होंगे जनजातीय गौरव सम्मेलन, स्वच्छता अभियान और सांस्कृतिक आयोजन
लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि पार्टी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर राज्यभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान भगवान बिरसा मुंडा के संदेश और आदिवासी समाज के गौरव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित रहेगा।
चौधरी ने कहा कि मां भारती के अमर सपूत भगवान बिरसा मुंडा का नाम आते ही मिट्टी की सौंधी सुगंध और संघर्ष की ज्वाला दोनों का आभास होता है। वे केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक युग, एक आन्दोलन और आदिवासी समाज की आत्मा के प्रतीक थे। 15 नवम्बर 1875 को झारखण्ड के उलीहातू गांव में जन्मे भगवान बिरसा मुंडा ने स्वराज, स्वदेशी और ग्राम स्वावलम्बन का संदेश देकर स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी।
उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा ने ‘अपने धर्म, अपनी धरती और अपने देवता को पहचानो’ का मंत्र देकर सांस्कृतिक जागरण का सूत्रपात किया। 1899 में आरंभ हुआ ‘उलगुलान महासंग्राम’ अंग्रेजी सत्ता के विरुद्ध स्वतंत्रता, सामाजिक और धार्मिक पुनर्जागरण का प्रतीक बना। अंग्रेजों ने उन्हें 1900 में गिरफ्तार कर अमानवीय यातनाएं दीं, जिसके बाद 6 जून 1900 को उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 15 नवम्बर तक सभी कमिश्नरी केन्द्रों पर जनजातीय गौरव स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित करेगी। इन सम्मेलनों में केन्द्र और प्रदेश के मंत्री तथा पार्टी पदाधिकारी भाग लेंगे। जनजातीय संस्कृति, गीत, नाटक और लोककलाओं के माध्यम से बिरसा मुंडा के विचार जनमानस तक पहुंचाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 12 से 15 नवम्बर तक प्रदेश के सभी जिलों में जनजातीय स्मारकों पर स्वच्छता अभियान, दीपोत्सव और पुष्पार्चन किया जाएगा। जिला स्तर पर जनजातीय गौरव और स्वाभिमान को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर 15 नवम्बर को सोनभद्र में जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। इस अवसर पर जनजातीय कला, नृत्य, वाद्य और युद्ध कौशल का प्रदर्शन भी होगा।
उन्होंने कहा कि इस अभियान की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश को प्रभारी तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय गोंड को संयोजक के रूप में सौंपी गई है। वहीं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विद्या भूषण गोंड और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा सूरज सिंह सोमवंशी सह संयोजक होंगे।
