अखिलेश यादव सपा के राष्टÑीय सचिव एवं मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के आवास पहुंचे
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने दिखाने के लिए तैयार सामान पर जीएसटी घटा दी लेकिन वो सामान जिससे बनता है, उसके कच्चे माल पर जीएसटी बढ़ा दी। यही है भाजपा के जीएसटी गोलमाल का सच। भाजपा जनता को धोखा दे रही है। कारोबारियों को संकट में डाल रही है, क्योंकि भाजपाई तो सड़कों पर नारे लगाकर 50 प्रतिशत का भाषण देकर निकल गये। जब जनता बाजार जा रही है और सस्ता माल नहीं पा रही है तो दुकानदारों से झगड़ रही है। भाजपा सुधार नहीं, ग्राहक-दुकानदार के संबंधों को बर्बाद कर रही है। भाजपा किसी की सगी नहीं है।
अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी के 17, गुलिस्तां कालोनी लखनऊ स्थित आवास पर पहुंच कर उनका हालचाल लिया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस मौके पर उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह से फेल हैं। इस सरकार ने आठ साल पहले आधी रात को जीएसटी लगाकर जश्न मनाया था, तब से अब तक देश की जनता को लूटा। भारी भरकम टैक्स लगाकर महंगाई बढ़ाई। जनता की जेब काटी। भाजपा सरकार ने साइकिल से लेकर मोटर साइकिल तक और खाने-पीने की हर चीज, होटल, रेस्टोरेंट से लेकर कपड़े, काफी, किताब, पेन-पेसिंल सब को महंगा कर जनता से वसूली की। मुनाफाखोरी करायी। जब ये तमाम वस्तुएं आठ साल बाद भी कम कीमत पर मिल सकती है तो भाजपा सरकार ने इन्हें आठ साल तक महंगा क्यों किए रखा। जिस तरह का जीएसटी लागू हुआ है उससे व्यापारियों को कुछ समझ में नहीं आ रहा है। सरकार एक तरफ जीएसटी कम कर रही है और दूसरी तरफ बढ़ा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिली करारी हार और महंगाई-बेरोजगारी के कारण जनता में बढ़ते आक्रोश को देखकर भाजपा बैकफुट पर आयी है, लेकिन यह सरकार अभी भी धोखा दे रही है। जनता भी समझ गयी है कि भाजपा हारेगी तभी उसे महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय, भारी टैक्सों से राहत मिलेगी। प्रदेश और देश की जनता अब भाजपा को बख्शने वाली नहीं है। भाजपा का सफाया होना तय है। इनके दिन अब गिने-चुने है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार की विदेश नीति असफल है। लगातार बढ़ते टैरिफ से व्यापार संकट में है। अर्थव्यवस्था को चोट पहुंच रही है। भाजपा सरकार की विदेश नीति की असफलता के कारण हमारे उद्योग-कारोबार को नुकसान हो रहा है और 50 फीसदी और सौ फीसदी टैरिफ होगा तो कारोबार का क्या होगा।
