अथाह संवाददाता
नोएडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए के लोग एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे। पीडीए देख रहा है कि उनका वोट छीना जा रहा है। उन्हें अपमानित किया जा रहा है। भाजपा सरकार बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर द्वारा संविधान में दिए गए वोट के अधिकार को छीन रही है। भाजपा सरकार में पीडीए के लोगों को सीओ, एसओ की तैनाती नहीं मिल रही है। चुनाव में उन्हें हटा दिया जाता है, पीडीए भाजपा को समझ चुका है। 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए की सरकार बनेगी। भाजपा सरकार से बाहर होगी।
शुक्रवार को नोएडा दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान विरोधी काम कर रही है। लोगों को वोट नहीं डालने दे रही है। सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। मिल्कीपुर में जो नहीं है, मर गए हैं, उनके वोट डाल दिए गए। दूसरे लोग वोट डाल दे रहे है। चुनाव आयोग को जांच करना चाहिए। शिकायतों पर चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की है? इसीलिए हमने कहा कि चुनाव आयोग मर गया। चुनाव आयोग को जांच करना चाहिए कि मरे लोगों का कैसे वोट डाल दिया गया? अगर मरे लोगों का वोट पड़ा है तो चुनाव आयोग ने पीठासीन अधिकारियों और सम्बन्धित अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की?
यादव ने कहा कि भाजपा ने मिल्कीपुर उपचुनाव में फर्जी वोट डालने के लिए पड़ोसी जिलों से कार्यकर्ता बुलाये थे। तमाम गाड़ियां बाहर से आई और जो नहीं है उनका भी वोट डाल दिया। अम्बेडकर नगर का आदमी फर्जी वोटिंग में पकड़ा गया है। अमेठी, सुल्तानपुर, रायबरेली से लोग आये थे। सब जगह की गाड़ियों के नम्बर उपलब्ध है। पीठासीन अधिकारियों से बातचीत की रिकार्डिंग है, जिनमें पूछा जा रहा है कि टार्गेट पूरा हुआ की नहीं। बीएलओ, सीओ, एसओ, कौन कहां पोस्ट होगा यह सब पहले से तय था। मिल्कीपुर चुनाव में भाजपा ने हर तरह का षड्यंत्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा साजिश और षड्यंत्र करती है। भाजपा लोगों से उनका हक, अधिकार और जो कुछ है उसे छीनने की योजना बनाती रहती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की कुछ चीजों की पोल खुल गयी है। भाजपा के लोग कहते थे कि देश विश्वगुरु बन गया। अर्थव्यवस्था तीसरे नम्बर पर पहुंचने वाली है। वे आज कल मौन है। अमेरिका से जिस तरह से लोगों को बेड़ियों में वापस भेजा गया। जो अमानवीय व्यवहार किया गया, सभी ने देखा। एक देश के राष्ट्रपति ने अमेरिका की सेना द्वारा भेजे गये लोगों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। अमेरिका को मानना पड़ा। केन्द्र सरकार अमेरिका से बात क्यों नहीं करती। भारत ने अमेरिका को इतना बड़ा बाजार दिया है। उन्होंने कहा कि भारत से अगर गैर कानूनी तरीके से लोग देश छोड़कर अमेरिका गये तो उसके लिए केन्द्र सरकार जिम्मेदार है। यह सरकार की नाकामी है। लोगों को नौकरी रोजगार के अच्छे अवसर नहीं दे रही है। अच्छा रहन, सहन नहीं दे पा रही है। अगर लोगों को रोजगार और नौकरी के अच्छे अवसर मिल रहें होते तो 50 लाख रुपए और एक करोड़ रुपए देकर लोग बाहर नहीं जाते।