एग्जिट पोल में महाराष्टÑ में महायुति की सरकार बनने के संकेत
अथाह ब्यूरो
नई दिल्ली। बुधवार को महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के साथ-साथ झारखंड की 38 विधानसभा सीटों पर भी सुबह 7 बजे से ही वोटिंग हुई। इसी दिन 5 राज्यों की कुल 15 सीटों पर उपचुनाव भी कराये गए। इनमें अकेले यूपी की 9 विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्न हुआ। इन सभी सीटों के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। एग्जिट पोल में महाराष्टÑ में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति की सरकार बनने के संकेत है, कुछ ऐसी ही स्थिति झारखंड में भी भाजपा सरकार बनने की है, हालांकि एग्जिट पोल दो बार से अपनी विश्वसनीयता खो चुके हैं।
महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की वोटिंग संपन्न होने के साथ ही अब सबकी नजर 23 नवंबर को आने वाले नतीजे पर लगी है। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा के बाद इन दोनों ही राज्यों का चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन के सामने सत्ता बचाने की चुनौती है तो महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फड़णवीस और अजित पवार की महायुति की साख का सवाल बन चुका है। दोनों ही राज्यों के विपक्षी दलों ने सत्ता पक्ष को कड़ी टक्कर दी है।
दूसरे चरण में 15 विधानसभा और एक लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी मतदान कराए गए। जिनमें अकेले उत्तर प्रदेश में 9 विधानसभा सीटों पर कुल 90 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। 23 नवंबर को दोनों चरणों को मिलाकर कुल 417 सीटों की नतीजे घोषित होंगे।
कहां कितने फीसदी मतदान ?
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में करीब 68 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया है। साल 2019 के चुनाव के मुकाबले यह आंकड़ा ज्यादा है। झारखंड में 13 नवंबर को पहले चरण में 43 सीटों पर 66 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया था। जबकि साल 2019 में झारखंड में 63.9 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया था। वहीं महाराष्ट्र में करीब 59 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।
महाविकास अघाड़ी-महायुति में टक्कर
महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी और महायुति गठबंधन के बीच सीधी टक्कर है तो झारखंड में बीजेपी और जेएमएम के बीच कड़ा मुकाबला है. महाराष्ट्र के मैदान में महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस ने 102 सीटों पर, शिवसेना उद्धव गुट 92 सीटों पर और एनसीपी शरद पवार गुट 86 सीटों पर महायुति के उम्मीदवारों को चुनौती दी। वहीं महायुति के उम्मीदवार बीजेपी 145 सीटों पर, शिवसेना शिंदे गुट 81 सीटों पर और एनसीपी अजित पवार गुट 59 सीटों पर उतरे।
उपचुनाव में किस करवट बैठेगा नतीजा?
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के साथ ही दोनों ही 20 नवंबर को 5 राज्यों की 15 विधानसभा सीटों और 1 लोकसभा सीट पर मतदान हुए. जिन 5 राज्यों में उपचुनाव हुए उनमें यूपी की गाजियाबाद, खैर, मीरापुर, कुंदरकी, फूलपुर, करहल, सीसामऊ, मझवां और कटेहरी 9 विधानसभा सीटें हैं। इन सीटों पर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है।
यूपी के अलावा पंजाब में 4, केरल में 1 और उत्तराखंड में भी 1 विधानसभा सीट पर मतदान किया गया
20 नवंबर को महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव हुआ। कांग्रेस सांसद वसंतराव चव्हाण के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। अब यहां से उन्हीं के बेटे रवींद्र चव्हाण मैदान में हैं और उनका मुकाबला बीजेपी के डॉ. संतुक हंबार्डे से है। 23 को पता चलेगा किसके खाते में यह सीट गई।
पहले चरण में जिन सीटों पर उपचुनाव कराये गये उनमें राजस्थान की 7, बिहार की 4, मध्य प्रदेश की 2, छत्तीसगढ़ की 1, पश्चिम बंगाल की 6, असम की 5, कर्नाटक की 3 और गुजरात की 2 सीटें शामिल हैं. इन सभी सीटों के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे.
