Dainik Athah

उप चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दे गये मुख्यमंत्री योगी

  • सीएम योगी की भाजपा संगठन कार्यकतार्ओं के साथ बैठक
  • अलग अलग सम्मेलनों के जरिये साधा जाये मतदाताओं को, अधिक से अधिक मतदान पर दें ध्यान

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
सीएम योगी आदित्यनाथ का पूरा ध्यान इस समय गाजियाबाद शहर विधानसभा के उप चुनाव पर लगा है। इसके मद्देनजर उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा संगठन के साथ बैठक की और जीत का मंत्र दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी कार्यक्रम के बाद मंच के पास ही स्थित अशोक वाटिका में जन प्रतिनिधियों एवं संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि अधिवक्ता, व्यापारी, ठेली- पटरी वाले, शिक्षकों, प्रबुद्ध वर्ग समेत अन्य वर्गों के लिए अलग सम्मेलन आयोजित किये जायें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमें अति आत्म विश्वास में चुनावी समर में नहीं उतरना है। सभी कार्यकतार्ओं को धरातल पर रहकर केवल पीएम मोदी के सूत्र वाक्य को चुनाव जीतने का प्रमुख आधार बनाना है कि बूथ जीता चुनाव जीता।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष की युवा जोड़ी को निशाना बनाते हुए कहा यह बबुआ और पपुआ की जोड़ी जनता को बहकाने का ही काम करने की राजनीति करती है। हमें केवल आम जनता को घर-घर जाकर बताना है कि कांग्रेस सरकार ने देश में सबसे लंबे समय के लिए देश में सरकार चलाई है, उत्तर प्रदेश में चार साल समाजवादी पार्टी का भी शासन रहा है। 1947 से 2014 तक के अपने इतने लंबे कार्यकाल में कांग्रेस आठ लेन के हाईवे क्यों नहीं बना पाई, मेट्रो रैपिड क्यों नहीं चला पाई, शिक्षा के क्षेत्र में भरोसा पैदा क्यों नहीं कर पाई, मेडिकल कॉलेज की स्थापना क्यों नहीं कर पाई, भ्रष्टाचार पर लगाम क्यों नहीं लगी, गुंडा माफिया राज सरकार पर हावी क्यों रहा, व्यापारी और बेटी कांग्रेस व सपा शासन में अपने आप को सुरक्षित क्यों नहीं महसूस कर पाए। इन सारे सवालों का जवाब 2014 से अब तक मोदी सरकार ने और आपकी प्रदेश सरकार ने अपने सुशासन और विकास से कैसे दे दिया।

आज केंद्र और प्रदेश सरकार विकसित भारत के संकल्प को बड़ी तेजी से पूरा करने में लगी हुई हैं। अपने कार्यकाल मे सपा ने चार साल तक पूरे उत्तर प्रदेश को लूटा है और गुंडाराज स्थापित किया लेकिन अब भाजपा की सरकार में गुंडे और माफिया बुलडोजर के डर से सहमे हुए रहते हैं। हमारी सरकार में गुंडे माफिया बाहर नहीं निकलते कांवड़ यात्रा निकलती है, हमारी बेटियां बेखौफ बाहर निकलती हैं। जनता सभी सरकारें देख चुकी है उसका मन अब भाजपा सरकार पर आश्वस्त है। हमें जनता के विश्वास को बनाए रखना है। उनके सम्पर्क में रहना है।
उन्होने कार्यकतार्ओं से अपील की कि बूथ और शक्ति केंद्र की सभी कार्रवाई को धरातल पर रहकर दुरुस्त कर लेना है। कोई भी चुनाव जिले पर नहीं, प्रदेश में नहीं, क्षेत्र में नहीं लड़ा जाता बूथ पर ही लड़ा जाता है।

इस मौके पर मंच संचालन भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने किया तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने बैठक में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए मुख्य विषय रखा। बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री हरि ओम शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, पूर्व केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, पूर्व सांसद डा. रमेश चंद्र तोमर, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, मंत्री कपिल अग्रवाल, कुंवर बृजेश सिंह, जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान, विधायक अजीत पाल त्यागी, नंदकिशोर गुर्जर, मंजू शिवाच, एमएलसी दिनेश गोयल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *