Dainik Athah

… तो क्या लोनी और ट्रांस हिंडन बन सकते हैं भाजपा संगठन की दृष्टि से अलग जिला

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे हॉट सिटी तो लगा कार्यकर्ताओं का मेला
  • गाजियाबाद में कार्यालय को लेकर भी गंभीर नजर आये प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी
  • संगठन पदाधिकारियों से लेकर विधायक तक पहुंंचे प्रदेश अध्यक्ष से मिलने

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी क्या संगठनात्मक दृष्टि से जिलों की संरचना में फेरबदल करने जा रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की बातों से तो यहीं संकेत मिलता नजर आ रहा है, हालांकि इस मुद्दे को लेकर लंबे समय से चर्चा हो रही है।
बता दें कि हापुड़, बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी बुधवार को शाम के समय गाजियाबाद के लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह पहुंचे। उनके साथ भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह सिसौदिया भी थे। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी भी उनसे मिलने पहुंचे। महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने लालकुआं पर उनका स्वागत किया। इसके साथ ही विधायक अतुल गर्ग और अजीत पाल त्यागी के साथ ही महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, सुशील गौतम, गोपाल अग्रवाल समेत अन्य लोग भी उपस्थित थे।

कार्यकर्ताओं से वार्ता के दौरान भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि लोनी और ट्रांस हिंडन को मिलाकर क्यों न संघ की भांति अलग जिला बना दिया जाये। इससे मतदाताओं की संख्या भी दोनों जिलों में बराबर हो जायेगी। इसको लेकर अधिकांश ने स्वीकृति में सिर हिलाया। बता दें कि लोनी और ट्रांस हिंडन को मिलाकर संगठन की दृष्टि से अलग जिले की बात लंबे समय से चल रही है। लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी। जिस प्रकार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने यह मुद्दा छेड़ा है उससे लगता है कि निकट भविष्य में संगठन की दृष्टि से जिले में बदलाव हो सकता है। ऐसा होता है तो मोदीनगर क्षेत्र गाजियाबाद महानगर का हिस्सा होगा।

अब जल्द हो सकता है भाजपा का अलग कार्यालय
इसी दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा से कहा कि वे नये कार्यालय के निर्माण में देरी क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद समेत इक्का दुक्का जिले ही बचे हैं जहां पर भाजपा के कार्यालय का निर्माण अब तक नहीं हो सका है। उन्होंने इशारों ही इशारों में कहा इसमें विधायक अतुल गर्ग का भी सहयोग लें। इस पर संजीव शर्मा ने कहा कि अब वे गंभीरता से इस पर लगते हैं तथा जल्द ही जमीन देखकर तय कर दिया जायेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *