Dainik Athah

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणामों से इंडिया गठबंधन और मजबूत होगा: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हाल के चुनावों के जो परिणाम आए हैं उससे इंडिया गठबंधन और मजबूत होगा और ये परिणाम भाजपा के लिए चिंता का विषय होना चाहिए। जनता का मूड परिवर्तन का है। कल जब केन्द्र की सरकार के लिए चुनाव होगा तो जनता परिवर्तन क्यों नहीं चाहेगी? उत्तर प्रदेश में एनडीए को पीडीए 80 की 80 लोकसभा सीटों पर हरायेगा। भाजपा की डबल इंजन सरकार के पास गिनाने को अपना एक भी विकास कार्य नहीं है।
अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक निजी चैनल से कहा कि भाजपा सरकार ने लघु एवं मध्यम उद्योगों के हित में कुछ नहीं किया है। भाजपा ने उद्योगपतियों का 15 लाख करोड़ रूपया बैंक कर्ज माफ कर दिया है लेकिन किसानों का दो लाख करोड़ बैंक कर्ज नहीं माफ किया है। सपा की सरकार बनेगी तो किसानों का सारा बैंक कर्ज माफ किया जाएगा। उन्होेंने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि उत्तर प्रदेश में क्या किसानों के धान की कीमत दोगुनी हुई? क्या अब कोई बेरोजगार नहीं बचा। सबको रोजगार मिल गया? भाजपा बताए कि उत्तर प्रदेश में रियल इन्वेस्टमेंट कहां हुआ है? और अगर हुआ है तो लोगों को नौकरी और रोजगार कहां मिला है? इसी प्रदेश में सैकड़ों शिक्षामित्रों ने आत्महत्या कर ली है। भाजपा सरकार बताए इनके आंकड़े कहां है? सच्चाई तो यह है कि आज घर-घर बेरोजगार बैठा हुआ है। प्रदेश में पूंजी निवेश के जो एमओयू साइन हुए हुए थे वे तो जमीन पर कहीं उतरे नहीं।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की विद्वेषपूर्ण नीतियों के कारण पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक सभी के साथ अन्याय, अत्याचार हो रहा है। पीडीए वर्ग को कितने नौजवानों को नौकरी मिली सरकार बताये। कितने विश्वविद्यालयों में वाइस चांसलर इस वर्ग से है। विभिन्न विभागों में कितने अधिकारी पीडीए वर्ग के है। भाजपा सरकार सामाजिक न्याय की दुश्मन है। जातीय जनगणना से भाजपा इसलिए मुंह चुरा रही है। उन्होेंने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का दावा किया जा रहा था। अब मुख्यमंत्री जी और दूसरे मंत्री इस पर क्यों नहीं बोलते हैं? उत्तर प्रदेश बड़ा प्रदेश है यहां सरकार आम बजट का ही 70 प्रतिशत खर्च नहीं कर पाई तो अनुपूरक बजट लाने की क्या जरूरत थी?


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *