Dainik Athah

… तो क्या भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह लड़ेंगे गाजियाबाद से लोकसभा चुनाव!

  • लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के बीच सामने आये नये नाम ने चौंकाया
  • भाजपा विधायकों ने पिछले दिनों अरुण सिंह से मिलकर दी थी गाजियाबाद से चुनाव लड़ने की सलाह
  • खुद अरुण सिंह कर रहे हैं गंभीरता से विचार

अशोक ओझा
गाजियाबाद।
अब जबकि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न होने वाले हैं, ऐसे में गाजियाबाद लोकसभा सीट से एक नया नाम चर्चा में आया है। सूत्रों की मानें तो अब तक चल रहे अन्य नामों के मुकाबले यह नया नाम सभी को चौंका सकता है। भाजपा के राष्टÑीय महामंत्री अरुण सिंह यदि गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ जायें तो कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिये।
बता दें कि सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह एवं लोकसभा क्षेत्र के चारों विधायकों से के बीच पटरी नहीं बैठ पा रही है। इसकी जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को भी है। इसके साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी दोनों पक्षों के बीच सुलह करवाने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन गाड़ी पटरी पर वापस नहीं आ सकी। इस बीच कभी राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल तो कभी किसी भूमिहार नेता के नाम की चर्चा जिले में चलती रही है। भूमिहारों में जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ ही प्रदेश के बिजली एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के नाम भी शामिल रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब नया नाम भाजपा केराष्ट्रीय महामंत्री, उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य एवं राजस्थान के प्रभारी अरुण सिंह का सामने आया है। सूत्रों की मानें तो दो वरिष्ठ विधायकों ने खुद अरुण सिंह से मिलकर उनके सामने गाजियाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है। विधायकों ने बहुत सोच समझकर उन्हें यह प्रस्ताव दिया। राष्टÑीय महामंत्री होने के साथ ही अरुण सिंह को केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के चाणक्य अमित शाह तथा राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का खास माना जाता है। इस लिहाज से भी उन्हें प्रस्ताव देना अहम माना जा रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साढ़ू है अरुण सिंह
अरुण सिंह का भी गाजियाबाद से काफी जुड़ाव है। जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए राजनाथ सिंह गाजियाबाद से लोकसभा चुनाव लड़े थे उस समय महीनों तक अरुण सिंह ने गाजियाबाद में डेरा जमाये रखा था। उसके बाद भी उनके गाजियाबाद के अनेक लोगों से पारिवारिक संबंद्ध है। वे बीच बीच में गाजियाबाद के कार्यक्रमों में शामिल भी होते रहे हैं।

अरुण सिंह गंभीरता से कर रहे हैं विचार
सूत्रों की मानें तो भाजपा के राष्टÑीय महामंत्री अरुण सिंह गाजियाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उन्हें भी लगता है कि दिल्ली की सीमा से सटा होने के कारण गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र उनके लिए मुफीद रहेगा। वे संगठन का काम भी यहां से सांसद रहकर बेहतर तरीके से कर सकते हैं। इसके साथ ही गाजियाबाद में संपर्कों का भी उन्हें लाभ मिलेगा। अब देखना यह होगा कि अरुण सिंह की गंभीरता स्थाई है या फिर अस्थाई। हालांकि उनके नाम के सामने आने के बाद अन्य दावेदारों में बेचैनी शुरू हो गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *