Dainik Athah

भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाया है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा चुनाव में हेराफेरी कर सत्ता पर कब्जा बनाए रखना चाहती है। भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाया है। भाजपा का एजेण्डा सिर्फ सत्ता का दुरुपयोग करना है। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने षडयंत्र कर समाजवादी पार्टी समर्थकों के वोट कटवाएं।
अखिलेश यादव मंगलवार को यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बड़ी संख्या में आए कार्यकतार्ओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान विरोधी है। तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में आठ सौ किसान शहीद हो गए। भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, चरम पर है। महंगाई, बेरोजगारी, कम करने और गरीबी हटाने के लिए भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया। किसानों के गेहूं की लूट हो गयी। किसानों को गेहूं का लागत मूल्य भी नहीं मिला।
यादव ने कहा कि भाजपा की शह पर दो कम्पनियों ने रिफाइंड आॅयल के 60 प्रतिशत बाजार पर कब्जा कर लिया है। बाजार पर नियंत्रण करने की सुनियोजित साजिशें चल रही है। गिनी चुनी कम्पनियां किसानों के धान-गेहूं की खरीद कर ले रही हैं। किसान को अपनी फसल में न एमएसपी मिली और नहीं बाढ़-सूखा से प्रभावित फसल पर मुआवजा मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में अराजकता का बोलबाला है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। शिक्षा स्वास्थ्य सेवाएं चौपट हैं। भाजपा सरकार में न्याय की कोई उम्मीद नहीं है। जनता बिजली-पानी के लिए परेशान है। भाजपा ने एक यूनिट बिजली नहीं बनायी। जो भी बिजली का उत्पादन हो रहा है, वह समाजवादी सरकार की देन है।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पर जनता को भरोसा है। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है। समाजवादी पार्टी बड़ी लड़ाई का सामना करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2014 में जनता से झूठे वादे और धोखा देकर सत्ता में आयी थी। जनता 2024 में भाजपा की विदाई कर देगी। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगा।
अखिलेश यादव ने वीरेन्द्र सारंग की ‘जननायक कृष्ण’ पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि गीता का उपदेश आज भी सार्थक और सामयिक है। इस अवसर पर अवधेश प्रसाद, राजेन्द्र चौधरी, नरेश उत्तम पटेल, जयशंकर पांडेय, राकेश प्रताप सिंह, अम्बिका चौधरी समेत नेता उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *