Dainik Athah

स्वामी विवेकानंद के भाषण, उनकी शिक्षाएं और उद्धरण हमेशा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत: बृजेश पाठक

 प्रधानमंत्री की अगुवाई में भारत को विश्व गुरू का दर्जा दिलाने की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे

– स्वामी विवेकानंद जी के सिद्धांत आज भी पूरे विश्व का मार्ग प्रशस्त कर रहे: बृजेश पाठक
– स्वामी विवेकानंद ने अपने प्रेरणादायक विचारों और उत्कृष्ट कार्यों से लोगों के जीवन को नई दिशा प्रदान की: डा. नवनीत सहगल
– 26वें राष्ट्रीय युवा उत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता, विवेकानंद राज्य युवा पुरस्कार विजेता तथा ओलम्पिक खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया
– युवाओं को राष्ट्र की एकता और अखण्डता को बनाये रखने की दिलाई गई शपथ
फोटो सेव
अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने 26वें राष्ट्रीय युवा उत्सव में युवाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की अगुवाई में स्वामी विवेकानंद के विचार को और मजबूती प्रदान करते हुए भारत देश को विश्व गुरू का दर्जा दिलाने की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। वर्ष 1985 से प्रतिवर्ष देश में 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद के भाषण, उनकी शिक्षाएं और उद्धरण हमेशा से युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहे हैं।
 उप मुख्यमंत्री ने गुरुवार को केडी बाबू स्टेडियम में स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन प्रति वर्ष हमारे प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय संस्कृति का संदेश प्रदान करने के लिए किया जाता है। इस वर्ष यह महोत्सव 12 जनवरी से 16 जनवरी तक कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ में आयोजित किया जा रहा है, जिसकी थीम विकसित युवा-विकसित भारत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज कर्नाटक में राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को राष्ट्र की एकता और अखण्डता को बनाये रखने की शपथ भी दिलाई
 अपर मुख्य सचिव, खेल एवं युवा कल्याण डा. नवनीत सहगल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के सिद्धांत आज भी पूरे विश्व के लिए प्ररेणादायक हैं एवं जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग भी दिखा रहे। स्वामी विवेकानंद एक ऐसी महान विभूति थे, जिन्होंने अपने प्रेरणादायक विचारों और उत्कृष्ट कार्यों से लोगों के जीवन को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने अल्प जीवनकाल में ही मानव समाज को अपने ज्ञानकोष से समृद्ध किया। उनका मानना था कि युवा देश के वर्तमान है, तो अतीत और भविष्य के बीच के सेतु भी। आवश्यकता है मात्र उन्हें मार्गदर्शन देने की, ताकि वे स्वयं को, समाज को बेहतर बनाने और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने युवाओं को गुलामी से मुक्ति, विशेष भारत, अपने विरासत पर गर्व करना तथा एकता और अखण्डता जैसे स्वामी विवेकानंद जी के सिद्धांतो को स्मरण कराया और कहा युवाओं को स्वामी जी सिद्धांतों को आत्मसात करना चाहिए। अपर मुख्य सचिव ने इस अवसर पर युवाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का लाइव प्रसारण भी देखा।
  कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता, विवेकानंद राज्य युवा पुरस्कार विजेता तथा ओलम्पिक खिलाड़ियों को अंगवत्र देकर सम्मानित भी किया गया। विवेकानन्द राज्य युवा पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों रविकांत मिश्रा, केतन मोर, अंकित मौर्या, श्लोक मिश्रा, अश्वनी राजौरिया, कुमारी मोनी वर्मा को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता-सत्यनाथ पाठक, देव भास्कर पाण्डे, हरिशचंद्र वर्मा, डा मोहन सिंह, सपना सक्सेना, ओम प्रकाश राजपूत, हरकीरत सिंह, नेहा कुशवाहा को सम्मानित किया गया। इनके अलावा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक विजेता खिलाड़ी सिद्धांत सिंह, विशाल वर्मा, ओम यादव, प्रणय मिश्रा, तनुश्री पाण्डेय, शाशा कटियार, सूरज यादव, सोनम यादव, पूनम यादव तथा शाम्भवी सिंह को भी सम्मानित किया गया। साथ ही पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी-श्री रजनीश मिश्रा (हॉकी) तथा ओलंपियन-श्री दानिश मुर्तजा (हॉकी) को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया है।
——————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *