Dainik Athah

कानून व्यवस्था पर किसी का नियंत्रण नहीं यूपी में जंगलराज कायम है: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पर किसी का नियंत्रण नहीं रह गया है। पूरी तरह जंगल राज कायम है। व्यापारी लूटे जा रहे हैं। महिलाएं अपमानित हो रही है। बच्चियों से दुष्कर्म की दिल दहलाने वाली घटनाएं हो रही है।

उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपराध में अव्वल होने का रिकॉर्ड हासिल कर लिया है। 17 दिसम्बर को बदायूं में दस साल की बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म की घटना विचलित करने वाली है। पीड़िता मेडिकल कॉलेज में अपनी बीमार मां के साथ आई थी। उन्नाव में भी किशोरी से दुष्कर्म की वारदात हुई। भाजपा राज में व्यापारी सबसे ज्यादा प्रताड़ित किए जा रहे हैं। लुटेरे बेखौफ होकर व्यापारियों की जिंदगी से खेल रहे हैं। भाजपा सरकार में व्यापारी अपने को सुरक्षित नहीं महसूस कर रहे है। पुलिस के बड़े अफसर सिर्फ अलर्ट जारी कर शांत बैठे रहते हैं।
अखिलेश ने कहा गत गुरूवार की रात एक व्यापारी को असलहा लगाकर लूट लिया गया। सर्राफ से 12 लाख की लूट हुई। एक किराना व्यापारी और दो सरार्फा व्यवसायियों को लुटेरों ने अपना शिकार बनाया। किराना कारोबारी से 15 लाख की लूट हुई तथा सर्राफ के ज्वैलरी भरे बैग को छीन लिया गया। लूट की बढ़ती वारदातों के पीछे पिछली घटनाओं का खुलासा न होना भी एक कारण है। उन्होंने कहा अपराध नियंत्रण में पुलिस का रवैया शर्मनाक है। ग्रेटर नोएडा में 12वीं की एक नाबालिग छात्रा के गायब होने पर जब पांच दिन बाद भी सुराग नहीं मिला तो घरवालों का चिंतित होना लाजिमी था। स्थानीय जेवर कोतवाल का जवाब था कि लड़की गायब है तो मेरी जेब में तो नहीं है जो निकाल कर दे दूं। अब तो पुलिस कोर्ट के आदेश को भी दबा रही है।

सपा प्रमुख ने कहा उत्तर प्रदेश में आये दिन लोगों को पुलिस और अपराधी दोनों की मार झेलनी पड़ रही है। कानपुर में पुलिस ने एक व्यापारी को पीट-पीट कर मार डाला। अपराधी कभी भी कहीं भी किसी को लूट रहे हैं। पुलिस की गश्त और चौकसी सिर्फ पुलिस थानों और चौकियों तक सीमित है। बेखौफ बदमाश व्यापारियों का दूर-दूर तक पीछा कर अपना शिकार बना रहे हैं। अपहरण, हत्या, लूट और छेड़छाड़ की घटनाएं रोज ही घट रही हैं। पुलिस का छोटा-बड़ा अमला जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर अपना फर्ज निभा रहा है। जनता ऐसी भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *