Dainik Athah

खतौली विधानसभा उप चुनाव: भाजपा- रालोद गठबंधन के बीच कांटे की जंग के लिए मैदान तैयार

भाजपा ने पूर्व विधायक विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी तो रालोद ने पूर्व विधायक मदन भैया पर लगाया दाव

आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर ने जयंत चौधरी से मिलकर दिया समर्थन

कांग्रेस नेता सचिन पायलट भी करेंगे 27 को मदन भैया के समर्थन में सभा

भाजपा ने रालोद नेता अभिषेक चौधरी पर डालने शुरू किये डोरे

अशोक ओझा
खतौली (मुजफ्फरनगर)।
मुजफ्फरनगर जिले की खतौली विधानसभा सीट राष्टÑीय लोकदल एवं भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की सीट बनती जा रही है। दोनों तरफ से हर दाव आजमाये जाने लगे हैं। यह स्थिति तब है जबकि दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने नामांकन भी अभी दाखिल नहीं किये हैं। रालोद ने नामांकन से पहले ही माहौल अपने पक्ष में करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर ने रालोद को समर्थन की घोषणा की है। वहीं, भाजपा ने रालोद के नाराज नेताओं पर डोरे डालने शुरू कर दिये हैं।

रालोद- सपा गठबंधन ने खेकड़ा के पूर्व विधायक मदन गोपाल गुर्जर उर्फ मदन भैया को मैदान में उतारा


भड़काऊ भाषण मामले में अदालत से दो वर्ष की सजा होने के बाद खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद सीट खाली हो गई। इसके साथ ही यहां पर उप चुनाव की घोषणा कर दी गई। इस सीट से रालोद- सपा गठबंधन ने खेकड़ा के पूर्व विधायक एवं लोनी के जावली निवासी मदन गोपाल गुर्जर उर्फ मदन भैया को मैदान में उतारा है। भाजपा ने मंगलवार को इस सीट पर पूर्व विधायक विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके साथ ही चुनाव में शतरंज का खेल भी शुरू हो गया। मदन भैया 16 नवंबर बुधवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पहले ही मंगलवार को आसपा के अध्यक्ष चंद्र शेखर ने दिल्ली में रालोद मुखिया जयंत चौधरी से मिलकर खतौली उप चुनाव में रालोद को समर्थन देने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही रालोद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्टÑीय महासचिव एवं पूर्व प्रवक्ता इंद्रजीत सिंह टीटू ने बयान जारी कर कहा कि 27 नवंबर को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट मदन भैया के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। हालांकि कांग्रेस सूत्र इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

आसपा के अध्यक्ष चंद्र शेखर ने दिल्ली में रालोद मुखिया जयंत चौधरी से मिलकर खतौली उप चुनाव में रालोद को समर्थन देने की घोषणा कर दी

रालोद के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की यह सीट जहां प्रतिष्ठा का सवाल बन रही है, वहीं दूसरी तरफ केंद्र के साथ ही प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी भी अपनी इस परंपरागत सीट को हर हाल में बचाये रखना चाहती है। यहीं कारण है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के खास एवं मुजफ्फरनगर जिला प्रभारी सत्येंद्र सिसौदिया ने मंगलवार से ही खतौली में डेरा डाल लिया है। भाजपा सूत्रों पर भरोसा करें तो भाजपा ने भी मदन भैया को बाहरी प्रत्याशी का मुद्दा बनाना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही रालोद के नाराज स्थानीय नेताओं पर डोरे डालने शुरू कर दिये हैं। भाजपा की नजर मुख्य रूप से अभिषेक गुर्जर पर है।

खतौली विधानसभा सीट भाजपा की है। असपा पहले से ही भाजपा के खिलाफ है। वह यदि रालोद को समर्थन देता है तो कोई बड़ी बात नहीं है। भाजपा ने पूर्व विधायक विक्रम सैनी को पत्नी को टिकट दिया है। हमें पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामों पर भरोसा जताते हुए मतदाता भाजपा को फिर विजयी बनायेंगे।

सत्येंद्र सिसौदिया, जिला प्रभारी भाजपा मुजफ्फरनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *