Dainik Athah

मंडोला किसान आंदोलन में अब महिलाएं आई आगे, गड्ढ़ों में उतर समाधि में बैठी

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। आवास विकास परिषद मंडोला कार्यालय के बाहर तीनों कृषि कानून में संशोधन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों में अब महिलाएं भी आगे आ गई हैं। सोमवार को महिलाएं विरोध स्वरूप सांकेतिक समाधि के लिए गड्ढों में बैठी। उधर धौलाना के सपा विधायक असलम चौधरी ने लोगों को समर्थन दिया है।


प्रदर्शन कर रहे लोगों ने 21 गड्ढे खोदे थे। शुक्रवार रात अधिकारियों ने 15 गड्ढों को बंद करा दिया था। रविवार को 18 महिलाएं सांकेतिक समाधि के लिए गड्ढों में बैठी। विरोध कर रहे नीरज त्यागी ने बताया कि महिलाएं रात के समय धरना स्थल पर नहीं रहेंगी। वह सुबह से शाम तक विरोध प्रदर्शन में सहयोग करेंगी। सोमवार दोपहर धौलाना के विधायक असलम चौधरी मंडोला गांव पहुंचे। उन्होंने लोगों से बात-चीत की। उधर प्रसपा के एक कार्यकर्ता ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से फोन पर शिवपाल यादव की बात कराई व 24 सितंबर को शिवपाल यादव के मंडोला गांव आने की जानकारी दी।

लोगों ने नहीं थामे नोटिस

पुलिस सोमवार सुबह 11 लोगों के खिलाफ नोटिस लेकर धरना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि कानून व्यवस्था भंग करने पर 11 लोगों को 107/16 के तहत मुचलकों में पाबंद किया गया है। लेकिन लोगों ने नोटिस लेने से इंकार कर दिया। जिसपर पुलिस बैरंग वापस लौट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *